
मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एसएफएमजी इंडिया क्रेडिट ने रवि नारायणन को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि श्री नारायणन की नियुक्ति 28 अगस्त से प्रभावी होगी। वह एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। उनके पास रिटेल बैंकिंग और ब्रांच डिस्ट्रीब्यूशन में तीन दशक का अनुभव है। वह एक्सिस सिक्योरिटीज और एक्सिस म्यूचुअल फंड के निदेशक मंडल में भी रह चुके हैं।
एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट के अध्यक्ष राजीव कन्नन ने श्री नारायणन की नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुये उम्मीद जतायी कि उनका अनुभव कंपनी को विकास के अगले युग में ले जायेगा।
श्री नारायणन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सतत विकास, रणनीतिक साझेदारी बनाना और जोखिम एवं अनुपालना की संस्कृति को मजबूत बनाने की होगी।
