
इरशाद खान मक्सी। मक्सी में फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य के बीच एक गंभीर तकनीकी खामी सामने आई है. पुराने एबी रोड पर पूर्व में डाली गई नर्मदा पाइपलाइन के ऊपर ही वर्तमान में फोरलेन का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में संभावित पानी के रिसाव को लेकर चिंता बढ़ गई है. यदि फोरलेन बनने के बाद पाइप लाइन में लिकेज होता है, तो क्या फिर से सडक़ को खोदना पड़ेगा. यदि ऐसा होता है, तो इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा.
स्थानीय स्तर पर यह देखा गया है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही पाइपलाइन में रिसाव के कारण डाला गया मुरम कुछ स्थान पर हटता हुआ नजर आया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि भविष्य में पाइपलाइन में लीकेज होता है, तो क्या फोरलेन सडक़ को दोबारा खोदना पड़ेगा और इससे होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा. इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एई विजय चौहान से चर्चा की गई. तो उन्होंने बताया कि अभी तक निर्माण के दौरान पाइपलाइन को लेकर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है. हालांकि, उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है.
इतने दिनों बाद मिली सौगात, क्या यूं ही बर्बाद हो जाएगी
मक्सी में फोरलेन निर्माण की मांग बरसों पुरानी है. जिसे स्थानीय विधायक अरुण भीमावद के प्रयासों से मूर्तरूप मिला है. लेकिन मक्सीवासियों को मिली इस सौगात को जिम्मेदार पलीता लगाने में लगे हुए हैं. सर्वे के दौरान जिम्मेदारों ने यह भी ध्यान नहीं दिया कि मार्ग के बीच में ही नर्मदा पाइप लाइन आ रही है. बिना सोचे समझे ही निर्माण एजेंसी ने पाइप लाइन पर मटेरियल डाल कर उसे दफन भी कर दिया है. सडक़ बनने के बाद यदि इस पाइप लाइन में लिकेज होता है, तो ऐसे में सडक़ को दोबारा से खोदना पड़ेगा. ऐसी स्थिति में जनता को सालों बाद मिली सौगात यूं ही बर्बाद हो जाएगी.
बीच सडक़ पर दिख रहा प्रेशर वॉल…
फिलहाल फोरलेन निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण एजेंसी मुरम डालकर नर्मदा पाइप लाइन को दबा रही है, लेकिन इस मार्ग पर नर्मदा पाइपलाइन का प्रेशर वॉल दिखाई दे रहा है, जो भविष्य में सडक़ की मजबूती और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. क्योंकि बीच सडक़ पर प्रेशर वॉल होने के कारण ये दुर्घटना का कारण बन सकता है. या तो सडक़ निर्माण के पहले इसे अन्यत्र शिफ्ट करना चाहिए, जिससे हादसों की गुंजाइश खत्म हो जाए.
इनका कहना है
आपके माध्यम से मामला संज्ञान में आया है. मैं दिखवाती हूं.
– सुश्री ऋजु बाफना, कलेक्टर-शाजापुर
