
सीधी । जिले के बहरी थाना क्षेत्र के डढ़िया गांव में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार कुल छह लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक का एक पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया है। जानकारी के अनुसार दोनों बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे। दोनों बाइक तेज रफ्तार से आमने-सामने से आ रही थीं और डढ़िया गांव के पास दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। घायलों में गेंदलाल रावत, रामनिवास रावत और जालिम सिंह शामिल हैं।
इनके अलावा तीन अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। तीन घायल सीधी से बहरी जा रहे थे और दूसरी बाइक पर सवार लोग बाहरी से सीधी की तरफ जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से सभी छह घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। वहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है।
