
सिरोंज। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार एवं बुधवार को हुई बारिश ने क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत दी है. इसके पूर्व पिछले 12 दिनों में महज 3 मिमी बारिश होने से खेतों की नमी कम हो गई थी. जिससे खरीफ फसलों को नुकसान हो रहा था. ऐसे में मंगलवार एवं बुधवार की बारिश फसलों के लिए राहत बनकर आई है. सिरोंज में 1 जून से बुधवार सुबह तक कुल 354 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है. जबकि बीते साल इसी अवधि में 514 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी. जबकि मंगलवार को 21 मिमी वर्षा हुई.
बारिश का लंबा अंतराल खेती पर भारी पड़ने लगा था. खेतों में पानी की कमी से फसलों को नुकसान हो रहा था. सोयाबीन, मक्का, धान सहित अन्य खरीफ की फसल खेतों में नमी के अभाव में प्रभावित हो रही थी. किसानों को आशंका सताने लगी थी कि यदि कुछ दिन और बारिश नहीं हुई तो उत्पादन पर इसका सीधा असर पड़ेगा. मंगलवार एवं बुधवार को हुई बारिश से किसानों ने थोड़ी राहत की सांस ली. किसानों का कहना है कि यह बारिश समय पर हुई है, लेकिन अच्छी पैदावार के लिए आगामी दिनों में भी नियमित और पर्याप्त वर्षा जरूरी है. क्षेत्र के किसानों का मानना है कि मानसून यदि अब लगातार सक्रिय रहता है तो फसलों की स्थिति में सुधार होगा. किसान आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं.
