शादी से लौट रहे परिवार को डंपर ने रौंदा, पत्नी-बच्चे के सामने युवक की दर्दनाक मौत

नौगांव। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीपुरा-गरौली मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रेत खदान की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी और मासूम बेटा चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, विश्वभान राजपूत अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।बीती रात जब वे टीला घाट के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विश्वभान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

परिजनों में आक्रोश, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद मृतक के गांव रावतपुरा गंज में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया है कि रेत खदानों से जुड़े डंपर चालक इस मार्ग पर अत्यंत लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिसके कारण आए दिन मासूम लोग अपनी जान गँवा रहे हैं।

पुलिस की जांच जारी

नौगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात डंपर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

किशनगढ़ के पास अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, दमोह की महिला की मौत, 6 घायल जिला अस्पताल में भर्ती 

Tue Apr 21 , 2026
छतरपुर। छतरपुर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सवारियों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। सभी घायलों को पुलिस की मदद से […]

You May Like

मनोरंजन