
चितरंगी । जिले के चितरंगी क्षेत्र में इन दिनों डीजल का गहरा संकट देखने को मिल रहा है। आज सोमवार को क्षेत्र के चार प्रमुख पेट्रोल पंपों पर डीजल पूरी तरह से खत्म होने की स्थिति सामने आई, जिससे आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पेट्रोल तो उपलब्ध है, लेकिन डीजल नहीं होने की बात पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा कही जा रही है। सुबह से ही डीजल भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को निराश होकर लौटना पड़ा। गर्मी के इस मौसम में खेतों और परिवहन कार्यों के लिए डीजल की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में अचानक आई इस कमी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। वहीं सूत्रों की मानें तो स्थिति पूरी तरह से सप्लाई की कमी की नहीं, बल्कि कालाबाजारी से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंपों पर भले ही डीजल न होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ किराना दुकानों और निजी स्तर पर डीजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है। इससे यह संदेह गहराता जा रहा है कि कहीं पेट्रोल पंप संचालक ही डीजल की जमाखोरी कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने में तो नहीं लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
