मप्र में तपिश, कई जिलों में पारा 44 डिग्री पार; आठ जिलों में लू का अलर्ट 

भोपाल। प्रदेश में गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है और हालात दिन-ब-दिन विकट होते जा रहे हैं।मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है, जिससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर प्रांत के पूर्वी जिलों में तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की तेज बढ़ोतरी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग ने जबलपुर सहित आठ जिलों निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, उमरिया और मंडला में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले रतलाम, छिंदवाड़ा और मंडला में भी लू जैसे हालात बने रहे, जहां तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

प्रदेश के कई शहरों में तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है। छतरपुर के नौगांव में सबसे अधिक 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम (43.8), मंडला (43.9) और खजुराहो (43.4) में भी तेज गर्मी रही। दमोह, सतना और उमरिया में भी तापमान 43 डिग्री के आसपास पहुंच गया। नर्मदापुरम, सागर, सीधी, जबलपुर, ग्वालियर और टीकमगढ़ सहित कई शहरों में पारा 42 डिग्री के पार रहा। राजधानी भोपाल और रायसेन में भी तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि इंदौर, उज्जैन और खरगोन में भी गर्मी का असर साफ दिखा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान की ओर से आ रही उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं तापमान बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हालांकि अरब सागर से आ रही हल्की नमी के चलते भोपाल और आसपास के कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा तथा तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।

Next Post

सड़कों पर दोबारा नियम तोड़ते दिखी भाजपा विधायक की थार, पुलिस ने फिर काट दिया चालान

Mon Apr 20 , 2026
शिवपुरी। 16 अप्रैल को हुई थार वाहन दुर्घटना के बाद मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। जहां एक ओर पुलिस प्रशासन घटना में कानूनी कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बयानबाजी ने पूरे प्रकरण को राजनीतिक रंग दे दिया है। पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी का एक […]

You May Like

मनोरंजन