भोपाल, नयी दिल्ली, 26 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल तथा राज्यमंत्री वी सोमन्ना और राज भूषण चौधरी से उनके कार्यालय नयी दिल्ली स्थित ‘श्रम शक्ति भवन’ में भेंट कर प्रदेश से संबंधित सिंचाई परियोजनाओं और जल संरक्षण कार्यक्रमों पर चर्चा की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जलशक्ति मंत्री को राज्य से जुड़ीं केन-बेतवा परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ 2028 के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहयोग का अनुरोध भी किया।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला सहित केंद्रीय मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।