
रतलाम। शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने सप्लाई चेन पर सीधा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुजरात से लाई जा रही अमानक पॉलिथीन की खेप को पकड़ते हुए निगम की टीम ने 9.45 क्विंटल कैरी बैग जब्त किए। कार्रवाई करमदी रोड पर करीब डेढ़ घंटे की घेराबंदी के बाद सफल हुई।
स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार को सूचना मिली थी कि एक लोडिंग वाहन बड़ी मात्रा में घटिया गुणवत्ता की पॉलिथीन लेकर शहर में प्रवेश करने वाला है। सूचना पर सुबह करीब 11 बजे टीम ने करमदी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एमपी 43 जी 4054 नंबर की पिकअप को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में अमानक पॉलिथीन भरी मिली। पूरी खेप को जब्त कर पांजरा पोल स्थित स्टोर रूम में सुरक्षित रखा गया।
नगर निगम का कहना है कि यह कार्रवाई केवल जब्ती तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध पॉलिथीन के नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी खेप शहर तक न पहुंच सके।
कार्रवाई के साथ ही नगर निगम ने शहर की कचरा संग्रहण व्यवस्था में लापरवाही पर भी सख्ती दिखाई है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में सेग्रिगेशन नहीं करने पर 24 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। इनमें ड्राइवर और हेल्पर दोनों शामिल हैं। इस अभियान में वार्ड प्रभारी एवं ट्रेंचिंग ग्राउंड से जुड़े कर्मचारी—राजेश भाटी, अब्दुल वहाब, बृजमोहन खरे, राजेश नींधाने, विकास गिरजे, शिव भाना, सूर्यकांत खरे, शैलेंद्र मेहना, दिनेश बायत, विनोद चावरे, कमल शिंदे, चंदन भाटी सहित अन्य स्टाफ की भूमिका रही।
