
रतलाम। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जिले के गांव कुंडाल स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन में तीन जनपदों के कुल 167 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विशेष बात यह रही कि आयोजन स्थल गांव कुंडाल स्वयं विधायक डामर का गृह ग्राम है। वे पिछले कई दिनों से व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे। समारोह में प्रत्येक नवदंपती को 7 बर्तनों का विशेष उपहार सेट प्रदान किया गया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक-एक पौधा भी भेंट किया गया। वर-वधुओं ने विधायक के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों के हाथों नवदंपतियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपए की राशि सीधे वधुओं के बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
समारोह में विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन, भाजपा नेता ईश्वरलाल पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि कैलाश पटेल, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, कैलाशी बाई चारेल, जिला पंचायत सदस्य नाथूलाल गामड़, उपाध्यक्ष हितेंद्र सिंह, एसडीएम विवेक सोनकर, जनपद सीईओ छेतुसिंह वासकेला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधायक डामर द्वारा समारोह में आए सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसमें जनप्रतिनिधि और अधिकारी एक साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया।
