
जबलपुर। शहर लू की चपेट में आ गया और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। तापमान हर दिन अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है। रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। पारा उछाल मारकर सीधे 42.5 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से सूर्यदेव उग्र रहे । दिनभर गरम हवाएं झुलसाती रही। चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल किया। सुबह के वक्त आद्रता 28 तो शाम को 22 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किमी की रफ्तार से चल रहीं थी ।
22 तक तापमान दिखायेगा तेवर
मौसम विभाग की माने तो एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। आने वाले 22 अप्रैल तक जबलपुर जिले में दिन का तापमान 41 से 42.5 डिग्री सेल्सियस और एवं रात का तापमान 22 से 23.5 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जिस कारण दिन में लू भी चल सकती है।
ये सिस्टम हैं सक्रिय
मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किमी ऊँचाई पर स्थित ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी ऊँचाई पर स्थित ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी ऊँचाई पर उत्तर-दक्षिण दिशा में एक ट्रफ विस्तृत है। उत्तर भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर लगभग 148 किमी घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है।
