चाकुओं से हमला कर वृद्ध की हत्या, आरोपी फरार

रीवा। रीवा के चोरहटा थानान्तर्गत नौबस्ता चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह 11:30 बजे एक बुजुर्ग की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई. शुक्रवार को मृतक के घर से चंदन का पेड़ चोरी हुआ था, जिसका उन्होंने विरोध किया था और कुछ लोगो पर आरोप भी लगाया था. इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद से फरार मुख्य आरोपी राहुल पाठक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

परिजनों के अनुसार शुक्रवार को बुजुर्ग उमाकांत मिश्रा के घर में लगा चंदन का पेड़ बदमाशों ने काटकर चोरी कर लिया था. उमाकांत ने इस कटाई और चोरी का कड़ा विरोध किया था. इसके बाद से ही बदमाश उनसे रंजिश रख रहे थे. इसी रंजिश के चलते रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बदमाशों ने उमाकांत पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया. खून से लथपथ बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजन अरुण कुमार मिश्रा ने नौबस्ता चौकी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पेड़ चोरी होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर खतरे की आशंका जताई थी. लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर ठोस कार्रवाई करती, तो हत्या को रोका जा सकता था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा है.

थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया घटना की जांच की जा रही है, आरोपी राहुल पाठक है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. रविवार सुबह घटना के बाद से ही आरोपी राहुल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है.

Next Post

विवाह समारोह बना सड़क सुरक्षा जागरूकता का माध्यम,परिजनों ने हेलमेट पहनकर निकाली रैली

Sun Apr 19 , 2026
पानसेमल। थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां आमजन ने स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी का परिचय दिया। रविवार को ग्राम जाहूर में आयोजित रामसिंह चौहान के सुपुत्र एवं जान्या डावर की सुपुत्री रीता के विवाह समारोह के अवसर पर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा […]

You May Like