
सीधी। जिले के मड़वास थाना अंतर्गत ग्राम पनिहा में एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में दीवाल के बाहर फांसी के फंदे में लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बिहारी लाल गुप्ता उम्र 56 वर्ष के शव का पैर पूरी तरह से जमीन में रखा हुआ था। ऐसे में फांसी का लगाया गया फंदा पहली नजर में ही संदिग्ध नजर आ रहा था। लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई में जुट गई। पंचनामा के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वस्तुस्थिति सामने आ सकेगी। उधर मृतक के परिजनों ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।
