मुंबई, 09 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में रही तेजी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 34 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.08 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा में यह लगातार तीसरी गिरावट है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 18 पैसे गिरकर 94.74 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह छह पैसे नीचे 94.80 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और इसके बाद इसकी गिरावट बढ़ती गयी। दोपहर से पहले ही यह 95.22 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था। अंत में 95.08 रुपये प्रति डॉलर पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल में तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल करीब तीन फीसदी की बढ़त में 101 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। इससे रुपये पर दबाव रहा। हालांकि डॉलर सूचकांक में नरमी से रुपये की गिरावट सीमित रही। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.1 प्रतिशत कमजोर हुआ है।
