
जबलपुर। संजीवनीनगर थाना अंतर्गत धनवंतरीनगर के पास बहदन पुल पर बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर कॉलोनी निवासी मुकेश मिश्रा तीन पत्ती बस स्टैंड पर सलूजा टायर की दुकान संचालित करते हैं जिनको उनके जीजा हेमंत दुबे ने फोन पर इस अनहोनी की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे प्रियांशु दुबे (20 वर्ष) का बायपास स्थित बहदन पुल के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहाँ का नजारा हृदय विदारक था। प्रियांशु सड़क पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। अज्ञात वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने से प्रियांशु के सिर और कंधे का हिस्सा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन एस 2652 भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्यवाही की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बायपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की पहचान की जा सके और आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जा सके।
