श्योपुर: आदिवासी अधिकार संघर्ष समिति के नेतृत्व में श्योपुर जिला मुख्यालय के स्टेडियम परिसर में आदिवासी महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें कराहल, विजयपुर, वीरपुर, बड़ौदा और श्योपुर सहित जिलेभर से हजारों की संख्या में आदिवासी शामिल हुए।सभा के बाद विधायक मुकेश मल्होत्रा और पूर्व राज्यमंत्री सीताराम आदिवासी के नेतृत्व में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया और राज्यपाल, मुख्यमंत्री व अनुसूचित जनजाति आयोग के नाम 20 सूत्रीय ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में 23 मई को ग्राम पनवाड़ा में खेत पर काम कर रहे गंगाराम आदिवासी की गोली मारकर हत्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समिति ने घटना के फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपए मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी व शहीद का दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही घटनास्थल पर स्मारक बनाने, पीड़ित परिवार की भूमि पर आजीवन कब्जा सुरक्षित रखने और विवादित भूमि की जांच कराने की मांग रखी गई।समिति ने जगवीर जाट, बलराम जाट, कुलवंत उर्फ कांता सरदार, सोनवीर जाट और सुरेंद्र जाट सहित अन्य लोगों के नाम से जारी कथित फर्जी पट्टों एवं रजिस्ट्रियों की जांच कर उन्हें निरस्त करने तथा हजारों बीघा शासकीय भूमि को मुक्त कराने की भी मांग की।
