आष्टा। स्थानीय खिलाडिय़ों की लंबे समय से चली आ रही मांग और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नपा ने नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी खेल मैदान पर स्टेडियम फ्लड लाइट्स का भव्य शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मेवाड़ा द्वारा मुख्य बटन दबाकर किया गया. जैसे ही हाई-मास्ट लाइट्स की रोशनी से मैदान जगमगाया, वहां उपस्थित नन्हें-मुन्नें खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के चेहरे खिल उठे. सभी ने तालियां बजाकर नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि फ्लड लाइट्स लगने से खिलाड़ी दिन के साथ-साथ रात्रि में भी अभ्यास कर सकेंगे. यह सौगात नगर के भविष्य इन नन्हें खिलाडिय़ों को समर्पित है। श्री मेवाड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ मैं स्वयं भी एक खिलाड़ी रह चुका हूं, खिलाडिय़ों की सुख-सुविधाओं से भलीभांति परिचित हूं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी मैदान पर फ्लड लाइट्स लगने से अब शहर में रात्रि कालीन क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है. स्थानीय कोच और वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने नगरपालिका के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे खेल जगत के लिए एक मील का पत्थर भी बताया है. शुभारंभ अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा के साथ पार्षद एवं ब्राह्मण समाज अध्यक्ष रवि शर्मा, सकल समाज अध्यक्ष नरेन्द्र कुशवाह, संयोजक मुकेश नामदेव, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष भूरू मुकाती, कोच अमित बिल्लौरे, लखन साहू, बलवीरसिंह ठाकुर, रवि विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे.
