इंदौर: तुकोगंज क्षेत्र में होटल रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक आयोजित कर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए.बैठक में डीसीपी जोन 2 राजेश व्यास और एडिशनल डीसीपी आरएस मिश्रा ने होटल संचालकों को नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षा को लेकर विस्तृत कार्ययोजना समझाई. विभिन्न आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए होटल परिसर, एंट्री एग्जिट पॉइंट और आसपास के क्षेत्रों को कैमरों से कवर करने के निर्देश दिए.
संचालकों को होटल में ठहरने वाले मेहमानों की पूरी जानकारी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने और सभी कर्मचारियों का रिकॉर्ड थाने में उपलब्ध कराने के लिए कहा गया. इसके अलावा क्षेत्र के प्रमुख और व्यस्त चौराहों गीता भवन, जंजीरवाला, पलासिया समेत अन्य स्थानों पर हाई कैपेसिटी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी. बैठक में होटल संचालकों की एक कमेटी भी गठित की गई, जो तय कार्ययोजना के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी.
