चंदला। नगर में लंबे समय से नासूर बनी जाम की समस्या के स्थाई समाधान के लिए नगर परिषद ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। रेस्ट हाउस से लेकर बस स्टैंड तक मुख्य मार्ग के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने दो बुलडोजर लगाए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि चंदला नगर में वर्षों से व्यापारियों द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा था। विशेष रूप से बछौन बाया चंदला से चंद्रपुरा तक चल रहे हाईवे निर्माण कार्य के कारण यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ गया था, जिससे आए दिन घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी। इस समस्या के कारण शादी-विवाह के सीजन में और अन्य जरूरी कार्यों से निकलने वाले आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से जहाँ आम जनता ने राहत की सांस ली है, वहीं प्रभावित व्यापारियों में मायूसी का माहौल देखा गया। मामले की जानकारी देते हुए नगर परिषद के सीएमओ महादेव अवस्थी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम अचानक शुरू नहीं की गई है; इससे पहले संबंधित व्यापारियों और कब्जाधारियों को कई बार औपचारिक नोटिस जारी किए गए थे और उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का पर्याप्त अवसर भी दिया गया था। इसके बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया, तब प्रशासन को जनहित में यह सख्त रुख अपनाना पड़ा। किसी भी अप्रिय स्थिति या विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर चंदला थाना पुलिस बल की भारी मौजूदगी रही, जिसके चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नगर परिषद को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद नगर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
