
शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र के झिरी रोड के पास सड़क दुर्घटना में बिजली विभाग के ऑपरेटर की मौत हो गई। एक भारी वाहन ने गणेश ओझा को कुचल दिया और घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भयावह था कि मृतक की बाइक करीब एक किलोमीटर दूर मिली। राहगीरों ने घटना की सूचना सिरसौद पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर जांच शुरू कर दी है। बैराड़ निवासी गणेश ओझा पिता लाला राम ओझा बिजली विभाग में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में रोना खेड़ी बिजली सबस्टेशन पर सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार को वे शिवपुरी मुख्यालय अपने ऑफिस के काम और मोबाइल की मरम्मत करवाने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान झिरी रोड, जामखो गांव के पास अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
