सतना: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिरसिंहपुर, कोठी और नागौद क्षेत्रों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया।इस अभियान के तहत बिरसिंहपुर क्षेत्र में अपना होटल एवं गैविनाथ मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया, वहीं कोठी क्षेत्र में प्रिंस स्वीट्स और सृष्टि स्वीट्स नामक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा पेड़ा, मगज लड्डू, छेना रसगुल्ला, मिल्क केक, सोहन पापड़ी सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए गए। इन खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हटवाई गई एल्यूमिनियम की वर्क
उधर नागौद में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह द्वारा न्यू गणेश स्वीट्स, बंटी स्वीट्स, संत मिष्ठान भंडार में जांच की गई एवं कलाकंद,बर्फी,पेड़ा, खोवा आदि के नमूने लिए गए। संत मिष्ठान भंडार में गंदगी पाई गई है जिसे नोटिस दिया गया। इसी कड़ी में खुरचन ही खुरचन में मिठाई में एल्यूमिनियम की वर्क लगी पाई गई। जिसे हटवाया गया और पुनरावृत्ति करने पर कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
