फिरोजाबाद, 20 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के लाइनपार थाना क्षेत्र में नाली में गंदगी करने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी और मारपीट में कुल 10 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव कुर्री कूपा निवासी रामगोपाल पुत्र यादराम दिवाकर और मान सिंह कोरी पुत्र डोरीलाल के मकान आसपास स्थित हैं। बुधवार शाम रामगोपाल द्वारा पशुओं का गोबर नाली में डालने पर मान सिंह ने विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान रामगोपाल के पुत्र सुनील दिवाकर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में मान सिंह पक्ष के अरुण पुत्र अमलेश, ललित पुत्र सरमन, सरमन पुत्र डोरीलाल, प्रेमपाल पुत्र सरमन, ओमशंकर पुत्र डोरीलाल और मान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के पेट, गर्दन और बाजू में चाकू लगने की बात कही गई है। वहीं दूसरे पक्ष से रामगोपाल, सुनील, अंजली पुत्री प्रभूदयाल और प्रभूदयाल पुत्र यादराम लाठी-डंडों की चोट लगने से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ललित समेत दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मान सिंह ने आरोप लगाया कि रामगोपाल प्रतिदिन पशुओं का गोबर नाली में डाल देता है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलती रहती है। सफाई के लिए कहने पर वह झगड़े पर उतारू हो जाता है। थाना प्रभारी रमित आर्य ने बताया कि नाली में गंदगी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक पक्ष के छह तथा दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
