कटनी: शहर के मिशन चौक ओवर ब्रिज पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती एक्टिवा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी धूं-धूं कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह आग के हवाले हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा चालक चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रहा था। जैसे ही वह ओवर ब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंचा, अचानक स्कूटी में स्पार्किंग हुई और चिंगारियां निकलने लगीं।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोककर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अभी तक स्कूटी मालिक की पहचान नहीं हो सकी है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बीच सड़क पर वाहन में आग लगने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
