सतना : बुधवार को शहर सहित जिले भर में गर्मी के तेवर और तीखे हो गए. आलम यह रहा कि 45.3 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लू के थपेड़े लोगों को बुरी तरह झुलसाते रहे. मौसम की प्रतिकूलता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि विभाग द्वारा अगले 24 घंटे के लिए सतना को लेकर रेड एलर्ट जारी किया गया है.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस लिहाज से दिन के पारे में पिछले 24 घंटे में 0.2 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखने को मिली वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में 3 डिग्री सेल्सियस अधिक आंका गया. इसी कड़ी में न्यूनतम तापमान भी 29.7 डिग्री दर्ज हुआ. न्यूनतम तापमान में भले ही पिछले 24 घंटे में आधे डिग्री की कमी देखने को मिली हो.
लेकिन इसके बावजूद भी यह सामान्य की तुलना में 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक आंका गया. इसी कड़ी में बुधवार की सुबह जहां हवा में नमी की मात्रा 28 प्रतिशत तक रही वहीं शाम होते होते यह घटकर महज 18 फीसदी पर पहुंच गई. बुधवार की सुबह से चिलचिलाती धूप ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया था. वहीं दोपहर होते होते आसमान से आग बरसने लगी. आलम यह रहा कि 45.3 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी के बीच 31 किमी की रफ्तार से लू के थपेड़े लोगों को बुरी तरह झुलसाते रहे. यहां तक कि देर शाम होने पर भी जबरदस्त तपन ने लोगों को हलाकान किए रखा.
गर्मी का रेड एलर्ट जारी
भीषण गर्मी के असर को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा सतना जिले को लेकर अगले 24 घंटे तक के लिए रेड एलर्ट जारी किया गया है. हलांकि शुक्रवार को तापमान में कुछ नरमी मिलने के संकेत हैं. लेकिन इसके बावजूद भी शनिवार तक गर्मी को लेकर ऑरेंज एलर्ट बना रहेगा. लिहाजा अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने के चलते लोगों को विशेष सावधनी बरतने की अपील की गई है.
उल्टी-दस्त से बालक की मौत
जिले में जारी भीषण गर्मी के असर के चलते मंगलवार को जहां मझगवां क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौक्त की घटना सामने आई थी. वहीं बुधवार को जिले के उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत 8 वर्ष के एक बालक की मौत हो गई. बताया गया कि ग्राम परसमनियां निवासी शैलेंद्र दहायत के 8 वर्षीय बेटे कृष्णा को उल्टी-दस्त शुरु हो गई. लेकिन दिन के समय जबरदस्त गर्मी और लू के असर के चलते परिजन उसे लेकर अस्पताल तक नहीं पहुंच सके. शाम के लगभग 7 बजे जब बालक को उचेहरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तो जांच करने पर ड्यूटी पर तैनात डॉ. सतेंद्र प्रसाद द्वारा उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया.
