नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नवीन ने केन्द्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में बुधवार को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

श्री नवीन की अध्यक्षता में यहां भाजपा के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में भाजपा के अब तक की चुनाव तैयारियों का जायजा लिया और उसकी समीक्षा की। इन सभी राज्यों ने श्री नवीन के समक्ष अपनी तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसपर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री भी उपस्थित थे। बैठक को श्री नवीन और श्री नड्डा ने संबोधित किया।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने पदाधिकारियों की बैठक के संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी करते हुये बताया कि बैठक में सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्षों एवं भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्रियों ने पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अभिनंदन और स्वागत किया।

रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्षों एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारियों ने पश्चिम बंगाल में भाजपा जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत से पहली बार सरकार बनाने का विश्वास जताया है। वहीं असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने और तमिलनाडु में भी भाजपा गठबंधन की सरकार बनाने का विश्वास जताया गया है। पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन सरकार की फिर से वापसी और केरल में अच्छा प्रदर्शन का विश्वास जताया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-राजग के विजय रथ को जारी रखने का विश्वास जताया। महाराष्ट्र में बीएमसी सहित स्थानीय निकाय के चुनाव में सफलता की भी जानकारी दी गयी।

श्री नवीन ने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्ष एवं सगठन मंत्री को संबोधित किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बूथ इकाई और मंडल इकाई को और अधिक सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी बनाते हुए हर एक बूथ एवं हर एक मंडल को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संगठन की दृष्टि से कई निर्देश भी दिए और अपने विचारों को भी साझा किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैठक में कांग्रेस द्वारा विकसित भारत – जी राम जी विकास योजना के विरोध का जवाब देने और इसके फायदों को घर-घर पहुंचाने के अभियान पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” की भी चर्चा हुई।

 

 

 

 

Next Post

पड़ोसी राज्यों से तालमेल से बदलेगी यमुना की तस्वीर : रेखा गुप्ता

Wed Jan 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि यमुना केवल नदी नहीं बल्कि दिल्ली की जीवनरेखा है और सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर इसे फिर से साफ और जीवंत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने […]

You May Like