इंदौर: खुडैल थाना क्षेत्र के तिल्लोर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर के पास खेत में खेल रही डेढ़ साल की बच्ची पानी से भरे गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.पुलिस के मुताबिक 18 माह की रजनी पिता संदीप घर के पास खेत की ओर खेलते-खेलते चली गई थी. खेत में पानी भराव के लिए एक गड्ढा खोदा गया है, इसी गड्ढे में वह औंधे मुंह गड्ढे में जा गिरी.
बताया जा रहा है कि करीब बीस मिनट तक बच्ची पानी में पड़ी रही. जब दादी ने उसे आसपास नहीं देखा तो तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान वह गड्ढे में मिली. परिजन तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल भेजा. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय बच्ची की मां घर में खाना बना रही थी, जबकि दादी पास ही काम में व्यस्त थीं. उन्हें लगा कि बच्ची घर के भीतर ही है. रजनी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी. उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. अस्पताल में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया, लेकिन मामला पुलिस प्रकरण होने के चलते शव को मर्चुरी में रखवाया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
