भोपाल: मप्र भाजपा के प्रवक्ता डॉ. हितेश बाजपेई ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कृषि उत्पादन, किसान सशक्तिकरण और सुशासन के प्रभावी समन्वय के चलते मध्यप्रदेश ने गेहूं उपार्जन में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश ने 1.04 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
डॉ. बाजपेई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि राज्य ने गेहूं खरीदी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।उन्होंने बताया कि अब तक 13.75 लाख से अधिक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य और बोनस सहित 2,625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया है। साथ ही 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
डॉ. बाजपेई ने कहा कि सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, समयबद्ध और किसान-केंद्रित खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि ‘किसान कल्याण वर्ष’ के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश कृषि उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
