नयी दिल्ली, 30 सितम्बर (वार्ता) कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग और मानवीय सहायता तथा आपदा राहत के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत की मेजबानी में वर्चुअल माध्यम से हुई उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की 9 वीं बैठक में सदस्य देशों ने इस दिशा में जारी प्रयासों की समीक्षा की। बैठक में बंगलादेश, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और सेशेल्स ने भाग लिया। सदस्य देशों ने गत नवंबर में यहां हुई 7वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बैठक में लिए गए फैसलों की समीक्षा की । उन्होंने वर्ष 2025-2026 के लिए सहयोग और गतिविधियों की कार्ययोजना की भी समीक्षा की।
सदस्य देशों ने सहयोग के पांच क्षेत्रों में प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने में महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष जताया।
बैठक में सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के महत्वपूर्ण मामलों में सहयोग को और मजबूत करने तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को जारी रखने का संकल्प दोहराया। बैठक में संबंधित देशों के प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व बंगलादेश, भारत, मालदीव, मॉरीशस, सेशेल्स और श्रीलंका के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन सचिवालय का प्रतिनिधित्व इसके महासचिव वाइस एडमिरल एस. एन. घोरमडे (सेवानिवृत्त) ने किया।

