कोलकाता, (वार्ता) दुर्गा पूजा के दौरान की गयी व्यवस्थाओं की तर्ज पर पूर्वी रेलवे के सियालदह मंडल ने काली पूजा और दिवाली के अवसर पर देर रात चलने वाली इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (ईएमयू) विशेष सेवाओं की घोषणा की है।
पंडाल घूमने वालों की संभावित भीड़ को देखते हुए, तीन रातों तक छह जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ये अतिरिक्त सेवाएं 08-09, 09-10 और 10-11 नवंबर की रात को चलेंगी। इन ट्रेनों का उद्देश्य सियालदह, डंकुनी, बारासात, बनगांव, हसनाबाद, रानाघाट और बैरकपुर सहित उपनगरीय इलाकों में देर रात की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
इन विशेष सेवाओं में ट्रेन नंबर 03165 शामिल है, जो रात 1:50 बजे बारासात से रवाना होकर सुबह 3:00 बजे बनगांव पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 03167, जो रात 1:10 बजे बारासात से हसनाबाद के लिए चलेगी और वहां रात 2:36 बजे पहुंचेगी और ट्रेन नंबर 03169 रात 12:40 बजे सियालदह से रवाना होकर रात 2:30 बजे रानाघाट पहुंचेगी।
अन्य सेवाओं में ट्रेन नंबर 03171 शामिल है, जो रात 1:25 बजे बैरकपुर से चलकर रात 2:10 बजे सियालदह पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 03163 रात 12:50 बजे सियालदह से बारासात के लिए रवाना होगी और रात 1:35 बजे अपने गंतव्य पर पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 03161 रात 11:00 बजे सियालदह से चलकर रात 11:42 बजे डंकुनी पहुंचेगी।
इसी तरह की देर रात की सेवाएं ‘डाउन’ दिशा में भी घोषित की गयी हैं।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा के लिए, ये सभी विशेष ईएमयू ट्रेनें अपने रूट के हर स्टेशन पर रुकेंगी। डिवीजन ने यह भी घोषणा की है कि आठ नवंबर को सभी उपनगरीय सेवाएं, जिनमें एसी ईएमयू लोकल ट्रेनें भी शामिल हैं, सप्ताह के दिनों के टाइम-टेबल के अनुसार चलेंगी। सियालदह-कृष्णानगर सिटी-सियालदह एसीईएमयू लोकल ट्रेनें (ट्रेन नंबर 31845/31846), जो आमतौर पर सोमवार से शनिवार तक चलती हैं, रविवार को भी चलेंगी।
दुर्गा पूजा के व्यस्त दिनों के दौरान सियालदह डिवीजन में 2.6 करोड़ से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गयी, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 33 प्रतिशत अधिक है। सियालदह, दम दम, बिधाननगर रोड, सोनारपुर, बालीगंज, रानाघाट, नैहाटी और कल्याणी जैसे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि देखी गई।
काली पूजा के दौरान भी ऐसी ही भीड़ होने की संभावना को देखते हुए, मंडल ने नैहाटी स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए, 08 से 13 नवंबर तक अपराह्न दो बजे से आधी रात के बीच प्लेटफॉर्म नंबर एक से कोई ट्रेन नहीं चलेगी। एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान, संबंधित ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म पां और छह से किया जाएगा।
