पंजाब-चंडीगढ़ में गर्मी का प्रकोप, 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

चंडीगढ़ 17 अप्रैल (वार्ता) पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने अब तेज़ रफ्तार पकड़ ली है। कई इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, जिससे लोगों को अप्रैल में ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। इसी बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय होने से मौसम में अचानक बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं।

मौसम विभाग ने 17 अप्रैल (शुक्रवार) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत कुछ इलाकों में आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। खास तौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी देखने को मिल सकती है।

तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दिन के मुकाबले इसमें 1.3 डिग्री का उछाल आया है और यह सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक हो गया है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 40.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में पारा 38.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री ज्यादा है।

गर्मी बढ़ने का असर बिजली खपत पर भी साफ दिख रहा है। राज्य में बिजली की मांग 7854 मेगावाट के पार पहुंच चुकी है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 18 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 19 अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि, 23 अप्रैल तक किसी बड़े बारिश सिस्टम के सक्रिय होने के आसार नहीं हैं। इस दौरान राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में तापमान 32 से 36 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि अन्य इलाकों में यह 36 से 40 डिग्री तक बना रह सकता है। कुल मिलाकर, फिलहाल लोगों को गर्मी और बीच-बीच में बदलते मौसम दोनों का सामना करना पड़ेगा।

 

 

 

Next Post

प्रधानमंत्री ने चंद्र शेखर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, उनके आदर्शों के प्रति नए सिरे से प्रतिबद्धता का किया आह्वान

Fri Apr 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री चंद्र शेखर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जो उनके शताब्दी वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से, उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। श्री मोदी ने एक […]

You May Like