सैन्य जंग खत्म और राजनीतिक जंग शुरू

दिल्ली डायरी

प्रवेश कुमार मिश्र

आपरेशन सिंदूर की उद्देश्यपूर्ण सफलता के बाद अब इस पर राजनीतिक जंग आरंभ हो गई है. जहां एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुले मंच से आपरेशन सिंदूर की सफलता की बात रखते हुए पाकिस्तान को चुनौती देते दिख रहे हैं वहीं दूसरी ओर तिरंगा यात्रा के सहारे भाजपा नेता गांव गांव रैली निकालकर आम लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के प्रयास में जुटे हैं. संभवतः इसी वजह से विपक्षी दलों के नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर सैन्य कार्रवाई का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है. इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी ने पोस्टर में फौजी लिबास पहने मोदी के फोटो पर भी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा है कि सेना के लिबास पहने फोटो का इस्तेमाल पोस्टर बैनर में करने की क्या मजबूरी है. विपक्षी दलों के नेता साफ कह रहे हैं कि आपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य कार्रवाई पर देश को गर्व है लेकिन इसका राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल सही नहीं है.

कांग्रेस के अंदर पारिस्थितिक बदलाव से वरिष्ठ नेता हैरान

कांग्रेस पार्टी के अंदर इन दिनों बदलाव का दौर चल रहा है. पार्टी रणनीतिकार कभी अपनी स्थापित नीतियों में बदलते समय का हवाला देकर बदलाव कर रहे हैं तो कभी युवा नेतृत्व को विकसित करने के नाम पर वरिष्ठों को किनारे किया जा रहा है. कभी नब्बे फीसदी आबादी को साधने की रणनीति बनाते समय दस फीसदी आबादी को किनारे किया जा रहा है तो कभी सहयोगियों के बगैर खुद संघर्ष कर अपने को मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है.

कांग्रेस पार्टी की इस असमंजस पूर्ण राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर दिल्ली की राजनीतिक गलियारों में चर्चा है. कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय पार्टी इन दिनों कई मुद्दों पर अपनी राष्ट्रीय सोच से परे राज्यस्तरीय सोच को अपना कर हरेक प्रांत में क्षेत्रीय दलों के अनुसार रणनीति बनाने में जुटी है. पार्टी की इस बदलती नीति पर पार्टी के अंदर भी एक राय नहीं बन सकी है. इतना ही नहीं निर्णय के मामले में भी पार्टी के अंदर औपचारिक रूप से दिखाने के लिए एक केन्द्र है लेकिन हकीकत इससे उलट है. पार्टी के कुछ नेता इन दिनों पार्टी को अकेले चलने की सलाह देकर इंडिया गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

कोरोना की दस्तक से चिंता बढ़ी

दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में एक बार फिर कोरोना वायरस ने अपने दस्तक से सरकार और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दिल्ली में लगभग सौ मरीजों की पुष्टि की खबर से लोग घबराहट में हैं. कई सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहने लोग दिखाई देने लगे हैं. हालांकि सरकार ने सभी राज्यों को चौकन्ना रहने की सलाह देते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को ग्रामीण स्तर तक बेहतर बनाने का निर्देश भी दिया है. हालांकि कुछ डाक्टरों ने इसके कारण घबराहट पैदा करने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी है.

डेलिगेशन की सफलता की बढ़ती यात्रा से दिल्ली गदगद

आपरेशन सिंदूर के उद्देश्यपूर्ण सफलता के बाद विश्व के 33 देशों में पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा भेजे गए सात समूहों के 59 सदस्यीय डेलिगेशन ने जिस तरह से विश्व मंच पर पाकिस्तान की पोल पट्टी खोलकर रखा है उससे दिल्ली में बैठे सरकार के रणनीतिकार काफी खुश हैं. इतना ही दिल्ली की राजनीतिक गलियारों में भी सरकार के इस दूरगामी परिणाम देने वाले निर्णय की भी चौतरफा सराहना हो रही है. विभिन्न दलों के वरिष्ठ राजनेता यह रहे हैं कि जिस तरह से भारत का पक्ष रखते हुए डेलिगेशन में शामिल नेताओं ने पाकिस्तान की हकीकत विश्व के बहुस्तरीय मंचों पर रखा है वह निश्चित रूप से भारत की विदेश नीति के लिए मील का पत्थर साबित होगा.

Next Post

दो सगे भाई समेत तीन पर हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज

Thu May 29 , 2025
इंदौर: शादी की खुशियों को हथियारों की नुमाइश में बदलना तीन युवकों को भारी पड़ गया. देहात के बड़गौदा थाना क्षेत्र में स्थित प्रभात कोल्ड स्टोरेज में एक विवाह समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और […]

You May Like

मनोरंजन