
भोपाल। भानपुर चौराहे पर गुरूवार को सवारी से भरे आटो में एक कार सवार ने पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में एक गर्भवती महिला सहित चार लोग घायल हो गये. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है. घटना की सूचना मौके पर पुलिस को दी गई.
जानकारी के मुताबिक चौराहे पर हुए हादसे के दौरान गर्भवती महिला मेहरबाई को गम्भीर चोट आई है. मेहरबाई के गर्भ का 9वां महीना चल रहा है और वह वार्ड-76 की आशा कार्यकर्ता रंजीता के साथ चेकअप के लिए अस्पताल जा रही थी. हादसे में मेहरबाई के हाथ की हड्डी टूट गई, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा. घायल अन्य लोगों का भी उपचार किया गया. बताया जा रहा है कि घायल रंजीता वार्ड-76 की आशा कार्यकर्ता हैं. मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
