
भोपाल।उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में रीवा जिले के गोविंदगढ़ स्थित बाघ प्रजनन केन्द्र और कर्नाटक के मंगलुरु स्थित पीलीकुला बायोलॉजिकल पार्क के बीच प्रस्तावित वन्यप्राणी आदान-प्रदान की कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में अपर मुख्य सचिव, वन अशोक बर्णवाल एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) शुभरंजन सेन उपस्थित रहे।
शुक्ल ने बाघ संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश “टाइगर स्टेट” के रूप में अपनी पहचान को निरंतर सशक्त बना रहा है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के लिए अंतर्राज्यीय सहयोग को आवश्यक बताते हुए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा विचाराधीन प्रस्ताव को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गोविंदगढ़ बाघ प्रजनन केन्द्र को वन्यजीव पर्यटन, जैव विविधता संरक्षण और अनुसंधान का आदर्श मॉडल बनाया जाएगा। इसके लिए अधोसंरचना, विशेषज्ञ संसाधन और तकनीकी मार्गदर्शन की रूपरेखा पर कार्य शुरू किया जा चुका है।
