
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में पर्यावरण मानकों के अनुरूप ग्रीनको सर्टिफिकेशन के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की तीन सदस्यीय टीम द्वारा दो दिवसीय ऑडिट किया गया। ऑडिट की कार्यवाही की अध्यक्षता कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने की, जिन्होंने टीम को इकाई द्वारा अपनाई गई प्रमुख सतत विकास पहलों की जानकारी दी। इस दौरान महाप्रबंधकों सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ऑडिट का समापन एचएसई विभाग में आयोजित समीक्षा बैठक के साथ हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए अपर महाप्रबंधक (एचएसई) ने ऑडिट के विभिन्न चरणों की जानकारी दी और “ग्रीन बीएचईएल” विजन, सतत विकास तथा नेट-जीरो लक्ष्यों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला, जो कॉर्पोरेट और भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं।
सीआईआई के ऑडिटर के.के. चक्रवर्ती, राजेश चंद्रा और सोहेल खान ने प्रक्रिया के दौरान संवादात्मक चर्चा, शॉप-फ्लोर निरीक्षण और दस्तावेज सत्यापन पर जोर दिया तथा बीएचईएल भोपाल की ऊर्जा दक्षता, संसाधन संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन पहलों की सराहना की।
