
छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत ढोड़न बांध स्थल पर प्रदर्शन कर रहे विस्थापितों से जिला प्रशासन छतरपुर की संयुक्त टीम ने कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में बैठक कर सारगर्भित चर्चा की। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में प्रदर्शनकारियों की शिकायतों, मांगों और मुआवजा संबंधी विसंगतियों को बिंदुवार सुना गया।
करीब 4 से 5 घंटे तक चली इस सौहार्दपूर्ण चर्चा में विशेष रूप से पन्ना जिले के मझगांय और रूंझ बांध से जुड़े विस्थापितों की समस्याएं सामने आईं, जिन्हें पन्ना जिले के अधिकारियों ने भी सुना और निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहेगा और अपात्र को किसी भी स्थिति में सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि कलेक्टर द्वारा प्रत्येक विस्थापित गांव के लिए अलग-अलग जांच दल गठित किए गए हैं। इन दलों में बिजावर अनुभाग से अलग अन्य अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हैं, ताकि समयसीमा में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
चर्चा के दौरान डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल, एसडीएम बिजावर विजय द्विवेदी, पन्ना और अजयगढ़ के एसडीएम सहित अन्य अधिकारी और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर अपने साथियों के साथ मौजूद रहे। कुछ मांगें शासन स्तर की होने पर अधिकारियों ने वरिष्ठ स्तर पर बैठक कर समाधान कराने और कमिश्नर सागर के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कराने का आश्वासन भी दिया।
