एमपी बोर्ड परीक्षा: प्रावीण्‍य सूची में बालाघाट के 44 छात्र छात्राओं ने बनाया स्‍थान

बालाघाट। मप्र भोपाल की हाईस्‍कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 13 फरवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक एवं हायर सेकेण्‍डरी परीक्षा 10 फरवरी से 07 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में भोपाल में 15 अप्रैल को इन दोनो परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। बालाघाट जिला कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्‍कृष्‍ट परिणाम देने वाले जिलों में प्रदेश में 06वें स्‍थान पर है। 10वीं की हाईस्‍कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में बालाघाट जिले के 36 छात्र छात्राओं ने एवं 12वीं हायर सेकेण्‍डरी परीक्षा में 08 छात्र छात्राओं ने प्रदेश की प्रावीण्‍य सूची में अपना स्‍थान बनाकर जिले को गौरान्वित किया है।

हाई स्‍कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 में प्रदेश की प्रावीण्‍य सूची में उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय छतेरा की कु. अक्षरा घोडेश्‍वर ने 500 में से 498 अंक लेकर दूसरा स्‍थान, उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय परसवाडाघाट के शिवम बोपचे ने 497 अंक लेकर तीसरा स्‍थान, शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय जाम की कु. भूमि बिसेन ने 496 अंक लेकर चौथा स्‍थान, शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय बल्‍हारपुर के दिव्‍यांश चावके एवं सांदीपनि विद्यालय बालाघाट की नैना लिल्‍हारे ने 495 अंक लेकर पांचवा स्‍थान, शासकीय मॉडल उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय बैहर के निश्‍चय राणा एवं कु. डेजी बिसेन तथा शासकीय हाईस्‍कूल टेकाडी की कु. निधी पुंड व सांदीपनि विद्यालय बालाघाट के रेयांश चौरागढे ने 494 अंक लेकर छटवॉ स्‍थान प्राप्‍त किया है।

इसी तरह शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय मनेरी की जागृति लिल्‍हारे, हायर सेकेण्‍डरी विद्यालय जाम के विनायक ठाकरे, नवीन हाईस्‍कूल रिसेवाडा के रौनक बागडे, उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय लेण्‍डेझरी के पियुष टेम्‍भरे, सांदीपनि विद्यालय बालाघाट के अनंत पंचेश्‍वर, कु. अंशिका गंगभोज ने 493 अंक लेकर 07वॉ स्‍थान, एमसीएस स्‍कूल बालाघाट की कु. दिशा गौतम, सार्थक पब्लिक स्‍कूल किरनापुर की कु. विशाखा बापुरे, बालाघाट पब्लिक स्‍कूल नर्मदा नगर के ललित पारधी, उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय परसवाडाघाट की तनवी नगपुरे ने 492 अंक लेकर आठवॉ स्‍थान, एमसीएस स्‍कूल बालाघाट की कु. शिवांगी पाण्‍डे, सरस्‍वती शिशु मंदिर किरनापुर की कु. रागिनी पटेल, हायर सेकेण्‍डरी स्‍कूल आलेझरी की कु. मनू कटनकर, हाईस्‍कूल कोसुम्‍बा के डेविड उजबगले, हाईस्‍कूल टेकाडी की कु. वाणी सोनी, नवीन उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय कटंगझरी की कु. पीहू परीमल, उत्‍कृष्‍ट विद्यालय बालाघाट की कु. हीना ठाकरे, वीरांगना रानी दुर्गावती उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय बालाघाट की कु. यामिनी शरणागत, कु. हिमांशी कुथे ने 491 अंक लेकर 09वॉ स्‍थान, केशव इंग्लिश हाईस्‍कूल वारासिवनी की कु. प्रीत राणा, आईडियल पब्लिक स्‍कूल वारासिवनी की कु. माही सुलाखे, सांदीपनि स्‍कूल रजेगांव की कु. स्‍मृति कावरे, बालक हायर सेकेण्‍डरी स्‍कूल लालबर्रा की कु. अंशु राहंगडाले, कु. माही राहंगडाले, सांदीपनि स्‍कूल बालाघाट की कु. निशा तेलाशे, कु. श्‍वेता बंटे, कु. देवांशी देशमुख ने 490 अंक लेकर 10वॉ स्‍थान प्राप्‍त किया है।

12वीं हायर सेकेण्‍डरी परीक्षा में कला समूह से शिवम अवधिया हायर सेकेण्‍डरी स्‍कूल बल्‍हारपुर ने 500 में से 482 तथा गणित समूह की कु. भावना पटले कन्‍या उच्‍चतर हायर सेकेण्‍डरी कटंगी ने 500 में से 485 अंक हासिल कर 08वॉ स्‍थान, वाणिज्‍य समूह के आर्य गिरी गोस्‍वामी नवीन उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय माटे ने 481 अंक प्राप्‍त कर 10वॉ, कृषि समूह से स्‍वाति उइके हायर सेकेण्‍डरी झालीवाडा एवं मृणाली ठवरे हायर सेकेण्‍डरी झालीवाडा ने 484 अंक प्राप्‍त कर 05वॉ स्‍थान, जीव विज्ञान समूह से कु. स्‍तुति जैन वैदिक कान्‍वेंट इंग्लिश मीडियम उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय लालबर्रा ने 489 अंक प्राप्‍त कर तीसरा स्‍थान एवं इसी स्‍कूल की कु. अश्‍मी पारासर ने 483 अंक प्राप्‍त कर 09वॉ स्‍थान, अदिती तिवारी उत्‍कृष्‍ट विद्यालय बालाघाट ने 500 में से 482 अंक प्राप्‍त कर 10वॉ स्‍थान प्राप्‍त किया है।

बालाघाट जिले में कक्षा 12वीं हायर सेकेण्‍डरी का परीक्षा परिणाम शासकीय स्‍कूलों का 89.28 प्रतिशत एवं अशासकीय स्‍कूलों का 72.21 प्रतिशत रहा है। कक्षा 12वीं में जिले के 86.67 प्रतिशत नियमित छात्र छात्राओ ने एवं 39.97 प्रतिशत प्रायवेट छात्र छात्राओं ने परीक्षा उत्‍तीर्ण की है। इसी प्रकार कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शासकीय स्‍कूलों का 89.38 प्रतिशत एवं अशासकीय स्‍कूलों का 74.44 प्रतिशत रहा है। कक्षा 10वीं में जिले के 87.18 प्रतिशत नियमित छात्र छात्राओ ने एवं 36.18 प्रतिशत प्रायवेट छात्र छात्राओं ने परीक्षा उत्‍तीर्ण की है। हायर सेकेण्‍डरी कक्षा 12वीं एवं हाईस्‍कूल कक्षा 10वीं के उत्‍कृष्‍ट परीक्षा परिणामों में बालाघाट जिला प्रदेश में छटवें स्‍थान पर है।

कलेक्‍टर मृणाल मीना द्वारा जिले में शिक्षा की गुणवत्‍ता एवं परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए नियमित रूप से प्राचार्यों की बैठक लेकर शिक्षण व्‍यवस्‍था की समीक्षा की जाती रही है। शालाओं में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्‍चित की गई और अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से शालाओं का निरीक्षण कर शिक्षण व्‍यवस्‍था की निगरानी की गई , जिसके फलस्‍वरूप बालाघाट जिला कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्‍कृष्‍ट परीक्षा परिणाम देने में सफल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्‍याय एवं सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने जिले के सभी हाईस्‍कूल एवं हायर सेकेण्‍डरी स्‍कूलों के प्राचार्य एवं शिक्षकों को उत्‍कृष्‍ट परीक्षा परिणाम लाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाऍ दी है ओर अपेक्षा की है कि आने वाले वर्ष में इससे भी बेहतर परीक्षा परिणाम लाने में वे सफल रहेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी ए.के.उपाध्‍याय ने बताया कि मण्डल द्वारा इस वर्ष से पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। ऐसे छात्र जो मण्डल की प्रथम परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुपस्थित / अनुत्तीर्ण रहे हो द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे और ऐसे परीक्षार्थी जो किसी विषय में उत्तीर्ण हो गए हो, वे भी अंक सुधार हेतु द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। परीक्षार्थियों का प्रथम एवं द्वितीय अवसर में से जो भी श्रेष्ठ परिणाम होगा वह अंतिम रूप से मान्य रहेगा। प्रायोगिक विषयों में किसी छात्र को प्रायोगिक एवं आंतरिक परीक्षा के केवल अनुत्तीर्ण भाग में सम्मिलित होने की पात्रता होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु ऑनलाईन आवेदन दिनांक 15 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 रात 12 बजे तक एम.पी. ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से भरे जा सकेंगे। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा की अंकसूची जारी नहीं की जाएगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों की मूल अंकसूची जारी होने तक डिजी लॉकर के माध्यम से अपनी अंकसूची की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकते है। द्वितीय अवसर का परीक्षाफल घोषित होने पर ऐसे परीक्षार्थियों को अंकसूची जारी की जाएगी। द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन दिनांक 07 मई से 25 मई 2026 तक किया जाएगा।

Next Post

इज़रायल-लेबनान वार्ता के बाद हिज़्बुल्लाह पर सहमति के संकेत

Wed Apr 15 , 2026
बेरूत/यरूशलम, 15 अप्रैल (वार्ता) इज़रायल और लेबनान के बीच हुई प्रत्यक्ष वार्ता के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने हिज़्बुल्लाह के मुद्दे पर समान सोच उभरने के संकेत दिए हैं और दक्षिणी लेबनान में जारी संघर्ष के समाधान की इच्छा जताई है। अमेरिका में इज़रायल के राजदूत येचियल लेइटर ने […]

You May Like