डिप्रेशन की शिकार महिला ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

इंदौर: गांधी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम नैनोद में आर्थिक तंगी और लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही 40 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया. एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.नैनोद में रहने वाली प्रियंका पति मनीष ने सोमवार को घर पर अज्ञात जहरीला पदार्थ खाया था. उस समय बच्चे स्कूल और पति काम पर गए थे. पति के लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ी मिली, जिसके बाद उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया।

उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पति मनीष ने पुलिस को बताया कि कोरोना महामारी के समय से परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था. उनका ट्रेवल्स का व्यवसाय था, लेकिन लॉकडाउन में कारोबार ठप होने से गाड़ियों का बैंक लोन नहीं चुकाया जा सका और गाड़ियां बेचनी पड़ीं. कारोबार डूबने और आर्थिक तंगी के चलते प्रियंका डिप्रेशन में चली गई थीं. परिजनों और रिश्तेदारों से सहयोग नहीं मिलने से भी वह परेशान रहती थीं. मामले में गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाया था और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. परिजनों के बयान लेकर घटना की जांच की जा रही है.

Next Post

नवविवाहिता की आत्महत्या में पति पर केस

Thu Oct 1 , 2026
इंदौर: गांधी नगर थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है. पुलिस ने मर्ग जांच और मकान मालिक व पड़ोसियों के बयानों में पति द्वारा पत्नी को मानसिक […]

You May Like