
ग्वालियर। ग्वालियर पहुंचे यति नरसिंहानंद ने महात्मा गांधी के खिलाफ आज विवादित बयान दिया है। उन्होंने गांधीजी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को बलिदानी बताया। नरसिंहानंद ने यहां गोडसे का मंदिर बनाने की भी मांग की। यति नरसिंहानंद आज रविवार को यहां दौलतगंज में हिंदू महासभा के ऑफिस में पहुंचे थे।
*सावरकर की राह पर नहीं चलने वाले हो जाएंगे नष्ट*
यति नरसिंहानंद ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जो व्यक्ति वीर सावरकर के सिद्धांतों पर नहीं चलेगा, सनातन धर्म में वह बहुत जल्द ही नष्ट हो जाएगा। नरसिंहानंद ने हत्यारे गोडसे को अमूल्य बलिदानी बताया। कहा कि वह सनातन धर्म के रक्षक थे। हिंदू समाज बहुत जल्दी विनष्ट हो जाएगा। यति नरसिंहानंद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ जहर उगलते हुए कहा कि वे समाज के लिए जहर थे। सनातन धर्मियों ने भी गोडसे को सम्मान नहीं दिया है। यति नरसिंहानंद ने हिंदू महासभा भवन में गोडसे की पूजा भी की।
यति नरसिंहानंद ने बीजेपी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को नाथूराम गोडसे का मंदिर बनाने से रोका गया। आजाद भारत के वह बड़े बलिदानी थे। इस मामले में बीजेपी की सरकार दोषी है। बीजेपी ने सावरकर और गोडसे के विचारों से दूरी बनाकर उनके साथ गद्दारी की है।
