
सिंगरौली । एनसीएल के जयंत स्थित सीडब्ल्यूएस आवासीय परिसर में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पहली बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद क्वार्टर क्रमांक एमक्यू-425 को खाली कराने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, एनसीएल सुरक्षा विभाग, जयंत चौकी प्रभारी और तहसीलदार की मौजूदगी ने पूरे परिसर में हलचल पैदा कर दी।
जानकारी के अनुसार एनसीएल आवासीय परिसर के कई क्वार्टरों पर अनाधिकृत रूप से कब्जा किए जाने की शिकायतें लगातार प्रशासन और प्रबंधन तक पहुंच रही थीं। शिकायतों के परीक्षण के बाद प्रशासन ने सबसे पहले एमक्यू-425 को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात की गई थी। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक क्वार्टर तक सीमित नहीं रह सकती। परिसर के अन्य कई आवास भी प्रशासन और प्रबंधन की निगरानी में हैं, जहां अवैध कब्जे की आशंका जताई जा रही है। ऐसे मामलों की जांच तेज कर दी गई है और शिकायतें सही पाए जाने पर आगामी दिनों में व्यापक अभियान चलाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि वर्षों से लंबित इस समस्या पर प्रशासन की सक्रियता से सरकारी एवं कंपनी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों में बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों के विपरीत कब्जा किए गए आवासों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पहल को वास्तविक पात्रों के अधिकार सुरक्षित करने और एनसीएल आवासीय परिसरों में व्यवस्था बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
