विदेशी ऑर्डर के दम पर अक्टूबर में विनिर्माण क्षेत्र का मजबूत प्रदर्शन

मुंबई, 02 नवंबर (वार्ता) विदेशों से मिले नये ऑर्डर बढ़ने से घरेलू विनिर्माण क्षेत्र में तेजी का क्रम अक्टूबर में भी जारी रहा हालांकि सितंबर की तुलना में इसकी रफ्तार कुछ कम हुई है। उत्पादन, ऑर्डर और मुद्रास्फीति जैसे मानकों पर माह-दर-माह गतिविधियों को मापने वाला एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अक्टूबर में 54.7 रहा। सूचकांक का 50 से ऊपर रहना वृद्धि को दिखाता है। सितंबर में यह 55.1 रहा था। भारत में एचएसबीसी के मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा कि सितंबर की तुलना में कम रहने के बावजूद अक्टूबर में विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार हुआ है। सूचकांक अपने दीर्घावधि औसत से ऊपर रहा है।

उन्होंने कहा, “मजबूत अंतरराष्ट्रीय मांग से निर्यात के नये ऑर्डर छह महीने के उच्चतम स्तर पर रहे। इससे उत्पादन में मजबूत वृद्धि देखी गई। उत्पादकों ने उथल-पुथल भरे वैश्विक माहौल में कच्चे माल के भंडार में भी आठ महीने की सबसे तेज बढ़ोतरी की ताकि आने वाले समय में इसकी कमी की आशंका न रहे।” श्री भंडारी ने बताया कि कुछ कच्चे माल और ऊर्जा की लागत में तेजी देखी गई, लेकिन कुल मिलाकर लागत और उत्पादों की कीमतों में मुद्रास्फीति कम रही। विशेषकर लागत की मुद्रास्फीति फरवरी 2026 के बाद के निचले स्तर पर है। वहीं, उत्पादों की कीमतों में चार साल की सबसे सुस्त वृद्धि देखने को मिली।

रिपोर्ट में कहा गया है कि नये कारोबार में वृद्धि हुई है। सर्वेक्षण में भाग लेने वाली कंपनियों का कहना है कि मांग मजबूत बनी हुई है, नये ग्राहक बन रहे हैं और विपणन अभियानों के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। विदेशों से आने वाली मांग में बंगलादेश , कनाडा, इंडोनेशिया, नेपाल, ओमान, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्रिटेन, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात का सबसे अधिक योगदान रहा। मांग आने से कंपनियों ने अक्टूबर में उत्पादन बढ़ा दिया। अच्छी मांग के बावजूद कारोबारी धारणा में गिरावट दर्ज की गई। सिर्फ 18 प्रतिशत कंपनियों ने कहा कि वे अगले एक साल में उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही हैं। वहीं, अन्य 82 प्रतिशत कंपनियों ने उत्पादन स्थिर रहने की बात कही है।

.....

Next Post

अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में किया सूपड़ा साफ

Mon Nov 2 , 2026
शारजाह, 02 नवंबर (वार्ता) नूर अहमद (पांच विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने तीसरे टी-20 में 71 गेंदें शेष रहते जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर टी-20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। नूर अहमद को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा अजमतुल्लाह ओमरजई को ‘प्लेयर ऑफ […]

You May Like