जबलपुर: कॉलेज से प्रैक्टिकल परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र को रास्ते में रोककर, चाकू की नोंक पर 10,000 की लूट करने वाले शातिर बदमाश को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने छात्र को एक रेस्टोरेंट में ले जाकर न सिर्फ नगदी छीनी, बल्कि डरा-धमकाकर मोबाइल बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि बरेला निवासी छात्र अविनाश कुमार 22 अगस्त 2026 को श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा देने के बाद पैदल ही नीमखेड़ा स्थित अपने कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी आयुष राजपूत ने उसे रोक लिया था। आरोपी ने छात्र को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ मारपीट की और जबरन खींचते हुए पास के तिवारी रेस्टोरेंट में ले गया था। रेस्टोरेंट के भीतर आरोपी ने छात्र को डरा-धमकाकर जेब में हाथ डालकर 5,000 नगद निकाल लिए थे।
इसके बाद आरोपी आयुष ने छात्र के मोबाइल का पासवर्ड पूछा और खौफ दिखाकर उसके खाते से 5,000 ऑनलाइन अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने ठिकाने पर मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी आयुष राजपूत 28 वर्ष निवासी ग्रीनसिटी बाबा बर्फानी सत्यम हाउस, माढ़ोताल को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने लूटी गई रकम खर्च कर देना बताया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
