नयी दिल्ली 06 जून (वार्ता) पूर्व उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत रेलगाड़ी शुरू करने से कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल संपर्क सपना पूरा हो गया है।
श्री नायडू ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एक स्वागत योग्य घटनाक्रम में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत रेलगाड़ी शुरू की हैं, जो कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से हर मौसम में सतही संपर्क सुनिश्चित करती हैं।
उन्होंने कहा, “मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से और लाखों देशवासियों के लिए यह कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल संपर्क के बचपन के सपने के पूरा होने का प्रतीक है।”
पूर्व उप राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व के सबसे ऊंचे सेतु के रूप में चिनाब रेल पुल वास्तुकला की शानदार कृति है। इसपर रेलगाड़ी आसानी से चलेगी। इसके अलावा भव्य अंजी खेड़ पुल इस कठिन इलाके में राष्ट्र का पहला ‘केबल-स्टेड’ रेल पुल है। उन्होंने कहा कि यह पिछले 11 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार के अथक प्रयासों का एक और उदाहरण है।
प्रधानमंत्री ने आज जम्मू-कश्मीर श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत रेलगाड़ी शुरू की हैं जिनसे कश्मीर घाटी देश के शेष हिस्सों से रेल मार्ग से जुड़ गयी है।
