नरसिंहगढ़: नगर के समीप स्थित चिड़ीखो वन क्षेत्र में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग छोटे महादेव बीट के कई हिस्सों में एक साथ भड़क उठी और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलते हुए छोटे महादेव मंदिर के पास तक पहुंच गई. कल देर शाम तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका। जिसके बाद आज स्थिति संभालती हुई दिखाई दे रही है.
कल दोपहर के समय धुँआली तालाब के ऊपरी हिस्से से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वन क्षेत्र में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने इस भयावह दृश्य को अपने मोबाइल में कैद किया.पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण फायर ब्रिगेड मौके तक नहीं पहुंच सकी. ऐसे में वन विभाग का अमला फायर बीटर सहित अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुटा रहा.
वन विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि सूखी घास और तेज हवाओं को संभावित कारण माना जा रहा है. आग नादिया पानी से गुमेश्वर होते हुए छोटे महादेव की पहाड़ियों तक फैल गई है, जिससे सैकड़ों पेड़-पौधों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. करीब 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में फैली इस आग से वन संपदा और वन्य जीवों पर भी संकट मंडरा रहा है.सूचना मिलते ही वन समिति और अभ्यारण्य का अमला मौके पर पहुंचा और सीमित संसाधनों के बीच लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ है.
