सोशल मीडिया पर तलवार के साथ फोटो पोस्ट कर जाहिर किया गुस्सा
ग्वालियर: ग्वालियर शहर कांग्रेस के महासचिव जितेन्द्र सिंह भदौरिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी द्वारा कांग्रेस महासचिव सांसद प्रियंका गांधी के बारे में अत्यंत अपमानजनक टिप्पणी करने पर तीखे रोष का इजहार करते हुए रमेश विधूड़ी को तीखे अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। जितेन्द्र भदौरिया ने सोशल मीडिया पर तलवार के साथ अपना फोटो पोस्ट करते हुए कहा है कि विधूड़ी को उन्हीं की शैली में कड़ा जवाब देने के लिए वे तैयार हैं।
भदौरिया ने कहा कि नेहरू गांधी परिवार की बेटी के खिलाफ बिधूड़ी का बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि महिलाओं के प्रति उनकी घृणित मानसिकता को भी दर्शाता है।भाजपा माफी मांगेः ग्वालियर कांग्रेस के महासचिव ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा की महिला नेताओं को इस तरह की टिप्पणियों के बारे में बोलना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस पर बयान देने को कहा। भदौरिया ने कहा कि भाजपा को अपने नेता के बयान पर माफी मांगनी चाहिए, वरना कांग्रेस के लोग सबक सिखाएंगे।
