अमेरिकी नाकेबंदी के बीच होर्मुज़ से गुजरा चीन से संबंधित टैंकर

मॉस्को, 14 अप्रैल (वार्ता/स्पूतनिक) अमेरिकी नाकेबंदी के बावजूद चीन से संबंधित एक प्रतिबंधित तेल टैंकर होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर ओमान की खाड़ी में प्रवेश कर गया है।

अमेरिकी केन्द्रीय कमान (सेंटकॉम) ने सोमवार शाम को होर्मुज़ जलडमरूमध्य की नाकेबंदी शुरू कर दी। यह कदम अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत विफल रहने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद उठाया गया।

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह टैंकर “रिच स्टार्री” (पूर्व में फुल स्टार) पहले भी पार करने की कोशिश कर चुका था, लेकिन नाकेबंदी लागू होने के बाद उसे लौटना पड़ा था। बाद में उसने दोबारा प्रयास किया और सफलतापूर्वक मार्ग पार कर लिया।

बताया गया है कि इस टैंकर पर 2023 में अमेरिकी प्रतिबंध लगाए गए थे, क्योंकि यह ईरान के तेल निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार करने में मदद कर रहा था।

इसी दौरान एक अन्य टैंकर “एल्पिस” भी होर्मुज़ मार्ग से गुजरते हुए ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था, जिस पर भी पहले अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य अभियान की शुरुआत की थी, जिसमें सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई सहित सैकड़ों लोगों की जान गयी थी।

इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमले किये। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाकर उसे भी प्रभावी रूप से बंद कर दिया। इसके बाद से होर्मुज सामान्य रूप से नहीं खुला है और क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति और निर्यात प्रभावित हो रहा है।

 

 

Next Post

होर्मुज़ नाकेबंदी पर ब्रिटेन ने अमेरिका से दूरी बनाई, रूस ने जताई चिंता

Tue Apr 14 , 2026
लंदन/मास्को, 14 अप्रैल (वार्ता) ब्रिटेन ने ईरान की बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी से खुद को अलग करते हुए इसे “गलत तरीका” बताया है, जबकि रूस ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य की स्थिति को “बेहद चिंताजनक” करार दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि होर्मुज़ की स्थिति तेजी से बदल […]

You May Like

मनोरंजन