अनाधिकृत हूटर-फ्लैश लाइट पर पुलिस का शिकंजा

सिंगरौली । जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अनाधिकृत हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट, लाल-पीली-नीली बत्ती, ब्लैक फिल्म, सरकारी एवं वीआईपी स्टीकर लगाने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक शियाज केएम के निर्देशन में यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 39 निजी वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान वाहनों पर लगे अनाधिकृत हूटर, फ्लैश लाइट, ब्लैक फिल्म, सरकारी स्टीकर, पदनाम और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को मौके पर ही हटवाया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, वाहन संबंधी दस्तावेज अधूरे होने, अव्यवस्थित पार्किंग तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 55 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार अभियान में कुल 94 वाहन चालकों पर चालान की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि निजी वाहनों पर सरकारी पहचान, विशेषाधिकार दर्शाने वाले चिन्ह अथवा अनाधिकृत उपकरणों का उपयोग कानूनन अपराध है। पुलिस ने वाहन चालकों से स्वयं ऐसे उपकरण हटाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Post

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

Tue Aug 4 , 2026
छिंदवाड़ा. पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। अपनी लंबित मांगों को लेकर जिलेभर के पटवारी आंदोलन पर बैठे हैं। वहीं महिला पटवारियों ने हाथों में मेहंदी से अनिश्चितकालीन हड़ताल लिखकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। जिला मुख्यालय पर मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिलेभर के पटवारी […]

You May Like