हंसल मेहता की ‘गांधी’ टोरंटो फिल्म महोत्सव के प्राइमटाइम में

नयी दिल्ली 08 अगस्त (वार्ता) हंसल मेहता की बहुप्रतीक्षित सीरीज़ ‘गांधी’ का विश्व प्रीमियर 50वें टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में होने वाला है। महोत्सव के प्राइमटाइम में प्रदर्शित होने वाली यह पहली भारतीय सीरीज़ होगी।
इतिहासकार रामचंद्र गुहा की ‘गांधी बिफोर इंडिया’ और ‘गांधी: द इयर्स दैट चेंज्ड द वर्ल्ड’ किताबों पर आधारित यह सीरीज़ गांधी जी का एक अंतरंग और मानवीय चित्र पेश करता है। इस सीरीज़ में प्रतीक गांधी ने गांधी जी का किरदार निभाया है, जबकि भामिनी ओझा ने कस्तूरबा गांधी का किरदार निभाया है। कलाकारों में टॉम फेल्टन सहित अन्य उल्लेखनीय अंतर्राष्ट्रीय कलाकार भी शामिल हैं।
विश्व स्तरीय कलाकारों और संगीतकारों के साथ यह सीरीज़ गांधी जी के जीवन के प्रारंभिक वर्षों को एक बेहद सुंदर और जीवंत तरीके से दिखाती है। सीरीज़ के निर्देशक और निर्माता हंसल मेहता ने एक्स पर लिखे एक पोस्ट में कहा, “विश्वास और दृढ़ता से जन्मा एक साहसिक सपना अब विश्व मंच पर आ रहा है। गांधी का विश्व प्रीमियर टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2025 के प्राइमटाइम स्लेट में होगा। टीआईएफएफ में प्रदर्शित होने वाली यह पहली भारतीय सीरीज़ है। अपने 50वें वर्ष में, यह महोत्सव एक ऐसी कहानी का घर बन गया है जो एक साथ बेहद व्यक्तिगत और सार्वभौमिक है। गर्व का क्षण। स्मृति का क्षण। एक शांत क्रांति की शुरुआत।”
इस सीरीज़ को संगीतबद्ध करने वाले एआर रहमान ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के साथ अपनी खुशी व्यक्त की, “50वें टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2025 में गांधी के विश्व प्रीमियर की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। टीआईएफएफ के प्रतिष्ठित प्राइमटाइम स्लेट में चुनी जाने वाली पहली भारतीय सीरीज़! टीआईएफएफ के प्राइमटाइम शोकेस के लिए ‘गांधी’ का चुना जाना सम्मान और गर्व का क्षण है।”
टीआईएफएफ का 50वां संस्करण 4 से 14 सितंबर 2025 तक आयोजित होने वाला है। इसमें हंसल मेहता, प्रतीक गांधी, टॉम फेल्टन और अन्य कलाकार प्रीमियर के साथ-साथ प्रश्नोत्तर सत्रों में भी शामिल होंगे।

Next Post

वेनेजुएला ने अपने राष्ट्रपति की गिरफ्तारी पर इनाम रखने पर अमेरिका की निंदा की

Fri Aug 8 , 2025
कराकस, 08 अगस्त (वार्ता) वेनेजुएला सरकार ने देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़वाने वाले को पांच करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी की घोषणा की निंदा की है। वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने गुरूवार को सोशल मीडिया पर इस घोषणा को […]

You May Like