
छिंदवाड़ा. पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। अपनी लंबित मांगों को लेकर जिलेभर के पटवारी आंदोलन पर बैठे हैं। वहीं महिला पटवारियों ने हाथों में मेहंदी से अनिश्चितकालीन हड़ताल लिखकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। जिला मुख्यालय पर मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिलेभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। पटवारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पटवारियों ने अपने हाथों पर मेहंदी से अनिश्चितकालीन हड़ताल लिखकर शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। पटवारियों की प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति दूर करना, समय पर कैडर रिव्यू करना और समयबद्ध पदोन्नति का लाभ देना शामिल है। उनका कहना है कि हर परिस्थिति में जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें उनका अधिकार नहीं मिल रहा है।
