
सीधी । शहर के गांधी चौराहे से लालता चौक मार्ग में सडक़ में बेतरतीब फुटपाथ में लगने वाली दुकानों और ठेले समस्या बने हुए हैं गांधी चौक से लालता चौक मार्ग में जाम अब आम हो चुका है।
गौरतलब है कि शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र की सडक़ों के किनारे फुटपाथी दुकानों के सजने एवं सडक़ पर ठेलों के खड़ा होने से जाम की समस्या गांधी चौक से लालता चौक मार्ग में आम हो चुकी है। फुटपाथी एवं ठेला व्यापारियों द्वारा अस्पताल तिराहा के मुख्य मार्गों की सडक़ों के किनारे से लेकर मानस भवन मार्ग, गांधी चौक मार्ग से लेकर लालता चौक तक पूरी यातायात व्यवस्था को पंगु बना दिया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई में सख्ती न होने के कारण फुटपाथी एवं ठेला व्यवसाइयों के हौंसले अतिक्रमण को लेकर काफी बुलंद हैं। तत्संबंध में बाजार क्षेत्र के व्यवसाइयों का कहना था कि आरंभ में फुटपाथी एवं ठेला व्यापारियों ने अतिक्रमण का सिलसिला सब्जी मंडी पालिका बाजार क्षेत्र से शुरू किया। करीब दो दशकों से उनके अतिक्रमण पर कोई प्रशासनिक सख्ती न होने के कारण नये फुटपाथी एवं ठेला व्यापारियों ने गांधी चौक, मानस भवन मार्ग, अस्पताल तिराहा, लालता चौक क्षेत्र को अपना नया ठिकाना बना लिया है। नगर पालिका एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई होने पर अतिक्रमणकारी कुछ घंटे के लिये हट जाते हैं। बाद में प्रशासनिक अमला के जाते ही वह फिर से पुराने स्थान में जम जाते हैं।
सतत् और सख्त कार्यवाही की दरकार
शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र की सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये सख्त कार्रवाई की सतत दरकार है। अतिक्रमणकारियों को हटाने के बाद वह फिर से अतिक्रमण न करें इसके लिये महीनों नजर रखने की जरूरत है। इसके लिये खास कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी जाय और फिर यदि अतिक्रमण होता है तो संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
फुटपाथ से सडक़ में दुकान लगने से होती है घटना
शहर के व्यस्ततम सडक़ के फुटपाथ एवं सडक़ पर दुकान लगाने से सडक़ हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ठेला व्यवसायी भारी जाम लगने पर भी नहीं हटते और विरोध करने पर मारपीट के लिये उतारू हो जाते हैं। उनके द्वारा सरहंगई पूर्वक फुटपाथ एवं सडक़ों पर ठेले लगाये जा रहे हैं। जिस पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत है।
इनका कहना है
शहर के गांधी चौक समेत बाजार क्षेत्र में अभी मुख्य सडक़ों पर खड़े होने वाले ठेलों पर जुर्माना कार्रवाई की गई है, इसे निरंतर चलाया जायेगा। सडक़ों के जाम की समस्या को लेकर पुलिस और नगर पालिका द्वारा पूर्व में भी संयुक्त अभियान चलाया गया है। कलेक्टर के निर्देशन में यह प्रयास किया जा रहा है कि फिलहाल किसी विशेष क्षेत्र के ठेलों को खड़ा करने के लिये विशेष जगह नियत कर उस पर नजर रखी जाय।
प्रिया पाठक, प्रभारी सीएमओ नपा/डिप्टी कलेक्टर सीधी
शहर के गांधी चौक समेत बाजार क्षेत्र की मुख्य सडक़ों पर बेतरतीब खड़े होने वाले ठेलों पर अभी प्रभारी सीएमओ मैडम द्वारा चालानी कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस की ओर से भी मुख्य सडक़ों में जाम ना लगे इसके लिये लगातार कार्रवाई चल रही है।
भूपेश वैस, थाना प्रभारी यातायात सीधी
