भोपाल:मध्यप्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम कल 15 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। इसे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में सबेरे 11 बजे जारी किया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश भर के करीब 16 लाख विद्यार्थी अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
रिजल्ट जारी होने को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। बीते कुछ दिनों से विद्यार्थी लगातार मंडल की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए हैं। इस बार परिणाम ऑनलाइन वेबसाइट्स के साथ-साथ मोबाइल एप के माध्यम से भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे छात्रों को आसानी से अपनी मार्कशीट देखने का विकल्प मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं संपन्न हुई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया था। वहीं, जो छात्र किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाते हैं, उनके लिए मंडल ने सप्लीमेंट्री परीक्षा का कार्यक्रम भी तय कर दिया है। यह परीक्षा 7 मई से 27 मई के बीच आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को उसी शैक्षणिक सत्र में सुधार का अवसर मिल सके।
